Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

काली मंदिर की जमीन पर विवाद ने लिया हिंसक रूप: शंभु यादव को पीट-पीटकर किया गंभीर घायल, एम्स रेफर

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

परिजनों ने घटना को दुर्घटना का रूप देने और थाना की भूमिका पर उठाए सवाल; थाना प्रभारी बोले- सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद होगी उचित कार्रवाई

देवघर (झारखंड)। जिले के सरवा थाना क्षेत्र के सिरसिया पंचायत अंतर्गत पहाड़िया गांव में काली मंदिर की जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। इस विवाद में शंभु यादव (पिता हरिहर यादव) के साथ कई लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल शंभु यादव को बेहतर इलाज के लिए एम्स देवघर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सरवा थाना क्षेत्र के सिरसिया पंचायत के पहाड़िया गांव निवासी शंभु यादव का गांव के ही कुछ लोगों से काली मंदिर की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी पुराने विवाद को लेकर राजेश यादव, सुखदेव यादव, गुड्डू यादव, विवेक यादव, रवि यादव सहित अन्य लोगों ने शंभु यादव के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में शंभु यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल शंभु यादव को पहले स्थानीय डॉक्टर संजय के पास ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें एम्स देवघर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज एम्स में जारी है।

घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मारपीट की इस घटना को जानबूझकर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, परिजनों ने थाना की भूमिका पर भी सवाल उठाया है।

वहीं, इस मामले में सरवा थाना प्रभारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे पुलिस बल और पंचायत के मुखिया के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में घटना सामने आने के बाद बाइक को थाना लाया गया है। थाना प्रभारी ने कहा, “परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।”

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment