महिला से कथित संबंध को लेकर नाराज था पति; थाना में प्राथमिकी दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
हंटरगंज (चतरा)। पति-पत्नी के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंचे एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना शनिवार को हंटरगंज थाना क्षेत्र के खूटीकेवाल गांव की है। हमले में सुरेंद्र यादव (28) गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों की मदद से उसे हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गया मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव में एक दंपती के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान सुरेंद्र वहां पहुंचकर दोनों के बीच झगड़ा शांत कराने लगा। बताया जाता है कि महिला से कथित संबंध को लेकर उसका पति पहले से नाराज था, जिससे विवाद बढ़ गया और गुस्से में पति ने सुरेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जांच जारी है।


















Total Users : 1260173
Total views : 3124054