मनरेगा और विकसित भारत-जी राम जी की योजनाओं की हुई समीक्षा, अधूरी योजनाएं शीघ्र पूरी करने का निर्देश; बेलहर गांव में मनरेगा के कुएं और आम बागवानी योजना की जांच में मिली भारी गड़बड़ी
पत्थलगड़ा (चतरा)। पत्थलगड़ा प्रखंड कार्यालय सभागार में मंगलवार को विकास योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चतरा के अपर समाहर्ता-सह-निदेशक अरविंद कुमार एवं परियोजना पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में मनरेगा एवं विकसित भारत-जी राम जी के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की बारी-बारी से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कई योजनाओं में लापरवाही पाए जाने पर अपर समाहर्ता ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कर्मियों को फटकार लगाई। उन्होंने लंबे समय से अधूरी पड़ी पुरानी योजनाओं को शीघ्र पूरा करने, ग्राम रोजगार सेवकों को कार्यों में तेजी लाने और मजदूरों के पारिश्रमिक का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।
बैठक में अंचल अधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी उदल राम, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी शशिकांत मेहता, आपूर्ति पदाधिकारी तेजनारायण पंडित, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, पंचायत सचिव मो. असलम, राकेश प्रसाद, वीरेंद्र दास, योगेंद्र प्रताप राणा, कनीय अभियंता धनंजय कुमार, सहायक अभियंता मनोज कुमार सहित सभी ग्राम रोजगार सेवक और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
इधर, बेलहर गांव निवासी मुसाफिर राणा की शिकायत पर अपर समाहर्ता जांच के लिए स्थल पर भी पहुंचे। ज्ञात हो कि राणा ने बरवाडीह पंचायत के बेलहर गांव में वित्तीय वर्ष 2021-22 और 2022-23 में मनरेगा के तहत कई योजनाओं में भारी गड़बड़ी और राशि घोटाले का आरोप लगाते हुए पीएमओ को पत्र लिखा था। पीएमओ कार्यालय से जांच का निर्देश मिलने के बाद उपायुक्त चतरा ने जांच टीम भेजी थी। राणा ने आरोप लगाया था कि पहले प्रखंड स्तर से इस मामले में फर्जी जांच रिपोर्ट भेज दी गई थी, इसलिए उन्होंने पुनः निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने स्वयं बेलहर गांव जाकर मनरेगा के तहत निर्मित कुआं और आम बागवानी योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों योजनाओं में भारी गड़बड़ी पाई गई। उन्होंने कहा कि आरोप सही पाए जाने पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव




















Total Users : 1254899
Total views : 3116057