भूमि विवाद, आवास, पेंशन और मइयां सम्मान योजना से जुड़े मामले आए सामने, आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश; हर मंगलवार और शुक्रवार को लगता है दरबार
चतरा। आमजनों की समस्याओं का समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दरबार में भूमि विवाद, आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना, होमगार्ड, स्वास्थ्य, शिक्षा, कल्याण एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामले सामने आए। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करने और मामलों के निष्पादन में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरतने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि आमजनों की शिकायतों का निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी आवेदन पर अनावश्यक विलंब न हो और निर्धारित समयसीमा के भीतर उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही, आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने का भी निर्देश दिया गया।
जिलेवासी अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय परिसर में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक आयोजित जनता दरबार में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला प्रशासन आमजनों की शिकायतों के निष्पादन एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव




















Total Users : 1246779
Total views : 3104523