कोर्रा में सैन्य परंपरा और राष्ट्रसेवा का दिखा संगम, वीरता व अनुशासन का दिया संदेश
हजारीबाग। विजयादशमी के पावन अवसर पर हजारीबाग के कोर्रा स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा महासमिति परिसर में पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट एसोसिएशन, झारखंड की ओर से शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुए इस आयोजन में पूर्व सैनिकों ने सैन्य परंपराओं का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में एनसीसी मुख्यालय, हजारीबाग के डिप्टी ग्रुप कमांडर कर्नल विष्णु कुमार देशपांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान शस्त्र पूजन के माध्यम से वीरता, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति और सैन्य गौरव का प्रतीक
पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट एसोसिएशन, झारखंड के केंद्रीय अध्यक्ष अरविंद ओझा ने कहा कि विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा शक्ति, साहस और धर्म की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। पूर्व सैनिकों के लिए शस्त्र केवल सैन्य शक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि मातृभूमि की रक्षा और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक भी हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सैनिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पण, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति निष्ठा प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।
महासमिति के पदाधिकारियों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम का आयोजन सार्वजनिक दुर्गा पूजा महासमिति, कोर्रा के अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक कुमुद गुप्ता, सचिव चितू गुप्ता, कोषाध्यक्ष तन्नू गुप्ता तथा अन्य सदस्यों के नेतृत्व में किया गया। पूजन के दौरान देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक हुए शामिल
कार्यक्रम में एसोसिएशन के केंद्रीय सचिव हवलदार कैप्टन अवध कुमार भारती, उपसचिव रामानंदन मिश्रा, कोषाध्यक्ष उपकार सिंह, उपकोषाध्यक्ष शिव नंदन कुमार, पूर्व मीडिया प्रभारी मनोरंजन कुमार, हजारीबाग जिला अध्यक्ष महेंद्र गोप, मीडिया प्रभारी मनोज गोप, बरही प्रखंड अध्यक्ष मुकेश सिंह, वरिष्ठ सलाहकार हवलदार कैप्टन राजदेव प्रसाद मेहता और हवलदार कैप्टन निरंजन सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा रविंद्र प्रसाद सिंह, शिव शंकर कुमार यादव, नीरज कुमार, कौशल किशोर पांडेय, कुमुद गुप्ता, अनंत प्रसाद, सुनील सिंह, अविनाश केरकेट्टा, संजय मेहता और प्रकाश कच्छप समेत कई पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।
आयोजन के समापन पर एसोसिएशन ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग देने के लिए सार्वजनिक दुर्गा पूजा महासमिति, कोर्रा के पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने सैनिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रसेवा के संकल्प को एक साथ प्रस्तुत किया।



















Total Users : 1239761
Total views : 3094502