जमीन विवाद के दो मामलों में दर्ज हैं एफआईआर; थाना प्रभारी के नेतृत्व में तकनीकी जांच से खुलासा, पुलिस अब तथ्यों के आधार पर कर रही आगे की कार्रवाई
इटखोरी (चतरा, झारखंड)। इटखोरी प्रखंड की कोनी पंचायत के हरदिया गांव निवासी लखन यादव के कथित अपहरण का मामला पुलिस जांच में झूठा पाया गया है। पुलिस ने लखन यादव को राजपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को खुलासे में अहम माना जा रहा है।
जमीन विवाद की पृष्ठभूमि
थाना प्रभारी के अनुसार, लखन यादव और भोला यादव के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। इसी विवाद के सिलसिले में लखन यादव और उसके घर के लोगों पर भोला यादव की बेटी से मारपीट का आरोप है। इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ इटखोरी थाना कांड संख्या 122/2026 और 123/2026 दर्ज हैं।
पत्नी ने बताया था: पांच नकाबपोशों ने किया अपहरण
अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस लखन यादव के घर पहुंची और उसकी पत्नी से पूछताछ की। पत्नी ने बताया कि पांच नकाबपोश अपराधी लखन यादव को उसकी ही मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए।
तकनीकी जांच में खुला मामला
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने विभिन्न तकनीकी माध्यमों से जांच शुरू की। पड़ताल के बाद लखन यादव भगवानपुर जंगल से सुरक्षित मिला। पुलिस के अनुसार, जांच में अपहरण की सूचना झूठी निकली।

पुलिस का दावा: गिरफ्तारी के डर से रची गई कहानी
पुलिस का कहना है कि दर्ज मामलों में गिरफ्तारी के डर से लखन यादव ने कथित अपहरण की योजना बनाई थी। खुलासे के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान




















Total Users : 1238954
Total views : 3093420