बापू के विचारों को बताया मानवता का मार्गदर्शक, बापू के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प, भजनों और देशभक्ति गीतों से गूंजा परिसर
रांची। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि 2 अक्टूबर भारत के इतिहास का ऐसा महत्वपूर्ण दिन है, जिसे देश कभी भुला नहीं सकता। उन्होंने कहा कि इस दिन देश की दो महान विभूतियों की जयंती मनाई जाती है और हर वर्ष की तरह इस बार भी लोग एकत्र होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं।

बापू के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का इतिहास महान विभूतियों के योगदान से समृद्ध रहा है। ऐसे महापुरुषों ने देश को दिशा देने का काम किया और उनके आदर्शों को साथ लेकर आगे बढ़ना हम सभी का दायित्व है।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार और जीवन-दर्शन आने वाली पीढ़ियों को भी मानवता का मार्गदर्शन देते रहेंगे। राज्य सरकार बापू के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

भजनों और देशभक्ति गीतों से गूंजा परिसर
कार्यक्रम में सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बापू वाटिका परिसर महात्मा गांधी के प्रिय भजनों और देशभक्ति गीतों से गूंजता रहा।




















Total Users : 1212968
Total views : 3057823