उपायुक्त ने की दीदी कैफे की समीक्षा, आय बढ़ाने, बेहतर मार्केटिंग एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश
लोहरदगा। उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में जेएसएलपीएस के स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित दोनों दीदी कैफे की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों दीदी कैफे में कार्यरत दीदियां शामिल हुईं।
आय बढ़ाने एवं व्यवसाय को सुदृढ़ करने पर जोर

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने दोनों दीदी कैफे की दीदियों को प्रतिदिन की बिक्री बढ़ाने तथा कैफे के व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कैफे को आकर्षक रूप दिया जाए तथा वहां उपलब्ध व्यंजनों की सूची एवं विशेषताओं को मुख्य द्वार के आसपास बैनर के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग कैफे की ओर आकर्षित हों।
उपायुक्त ने कैफे के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी मार्केटिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य दीदियों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना तथा उनके लिए आय का एक स्थायी एवं सतत मॉडल विकसित करना है। उन्होंने दीदियों को अपने व्यवसाय के विस्तार, ग्राहकों की संख्या में वृद्धि और बेहतर प्रबंधन की दिशा में पहल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कैफे की भौतिक स्थिति की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान उपायुक्त ने दोनों दीदी कैफे की भौतिक स्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस क्रम में उन्होंने आवश्यक सुधारों के लिए संबंधित अभियंता को जरूरी निर्देश दिए, ताकि कैफे का संचालन बेहतर ढंग से किया जा सके। बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, कार्यपालक अभियंता विद्युत, कार्यपालक अभियंता जिला परिषद, डीपीएम जेएसएलपीएस व दीदियां उपस्थित थीं।





















Total Users : 1208857
Total views : 3052348