बाथरूम में गिरा मिला था बाल कैदी, पोस्टमार्टम के बाद न्यायिक जांच शुरू; एसपी ने कहा- सभी बिंदुओं पर हो रही जांच
बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के केंवा के पास स्थित बाल सुधार गृह में गुरुवार दोपहर एक बाल कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना के बाद बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। वहीं, मृत बाल कैदी के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बाल सुधार गृह के कर्मी अजय कुमार के अनुसार, बाल कैदी न्यायालय में पेशी के बाद वापस बाल सुधार गृह पहुंचा था। इसी दौरान भोजन का समय होने पर उसकी तलाश की गई। अन्य बच्चों ने बताया कि वह काफी देर से बाथरूम के अंदर बंद है। संदेह होने पर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया, जहां बाल कैदी फर्श पर गिरा हुआ मिला।
कर्मी के मुताबिक उसे तत्काल बाहर निकाला गया और रक्तचाप की जांच करने के बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल, भभुआ ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कर्मी ने बताया कि घटना से संबंधित गतिविधियां बाल सुधार गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। मृत बाल कैदी भभुआ शहर के छावनी मोहल्ले का रहने वाला था।
न्यायालय में मुलाकात के दो घंटे बाद मौत की सूचना
बाल कैदी की मौत की सूचना मिलते ही उसकी मां और अन्य परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की मां का कहना है कि उनका बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और गुरुवार को न्यायालय में पेशी के दौरान उनसे मुलाकात भी हुई थी। उस समय उसने सामान्य रूप से बातचीत की थी और किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या की जानकारी नहीं दी थी।
मां के अनुसार, बेटा पिछले 19 अगस्त से बाल सुधार गृह में बंद था। उसके खिलाफ भभुआ थाने में दुष्कर्म, वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। परिजनों का कहना है कि मामले में समझौता हो जाने के बाद वे उसकी जमानत के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे।
परिजनों ने कहा कि न्यायालय में मुलाकात के करीब दो घंटे बाद ही उन्हें बेटे की मौत की सूचना मिली। उनका आरोप है कि जिस परिस्थिति में बाल कैदी की मौत की जानकारी दी जा रही है, उस पर उन्हें विश्वास नहीं है और उन्हें साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच की मांग की है।
तीन सदस्यीय मेडिकल टीम ने किया पोस्टमार्टम
बाल सुधार गृह में हुई संदिग्ध मौत को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय मेडिकल टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया वीडियो कैमरे की निगरानी में कराई गई। मेडिकल टीम में डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. सतीश कुमार और डॉ. श्यामा कांत शामिल रहे।
कैमूर के एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया है। घटनास्थल की जांच स्पेशल टीम द्वारा की गई है। इसके अलावा भभुआ एसडीएम और एसडीपीओ भभुआ ने भी संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही मामले में न्यायिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारण का पता लगाया जाएगा।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान
























Total Users : 1179208
Total views : 3011339