कुंदगड़ा स्कूल में चोरी, स्मार्ट क्लास का सामान समेत रसोई सामग्री ले गए चोर
ताला तोड़कर विद्यालय में घुसे चोर, बैटरी-इन्वर्टर, गैस सिलेंडर, चावल, आलू व बर्तन किए पार
कुड़ू। कुड़ू थाना क्षेत्र के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुंदगड़ा में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर स्मार्ट क्लास और रसोईघर को निशाना बनाया। चोर स्मार्ट क्लास से बैटरी, इन्वर्टर सहित बिजली के अन्य उपकरण तथा रसोई से गैस, चावल, आलू, बर्तन और खाना बनाने का सामान चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे विद्यालय पहुंचे शिक्षकों को हुई। शिक्षकों ने विद्यालय का ताला टूटा देखा। अंदर जाकर जांच करने पर स्मार्ट क्लास में रखे बैटरी, इन्वर्टर समेत अन्य सामान गायब मिले। इसके बाद रसोई से जुड़े कमरे की जांच की गई तो वहां से गैस, खाद्य सामग्री और बर्तन भी गायब पाए गए।
घटना की सूचना तत्काल कुड़ू थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बड़की चांपी पिकेट प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ विद्यालय पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने विद्यालय के विभिन्न कमरों की जांच कर चोरी गए सामानों की जानकारी ली और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने पहले विद्यालय के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद स्मार्ट क्लास में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामानों को निशाना बनाया। चोरों ने रसोईघर में भी हाथ साफ किया और खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री एवं बर्तन तक ले गए।
पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और चोरी गए सामानों की बरामदगी के लिए जांच में जुटी है।























Total Users : 1179208
Total views : 3011339