नकाबपोश अपराधियों ने की करीब आठ राउंड हवाई फायरिंग, गोली लगने से सुरक्षा गार्ड घायल; जांच में जुटी पुलिस
टंडवा/चतरा। चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत उड़सू में रविवार दोपहर चंद्रगुप्त कोल परियोजना में खनन कार्य कर रही सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय पर नकाबपोश अपराधियों ने करीब आठ राउंड हवाई फायरिंग कर सनसनी फैला दी। वारदात के बाद अपराधी दो बाइक से टंडवा की ओर फरार हो गए।
घटना के दौरान कंपनी के एक सुरक्षा गार्ड के बाएं हाथ में गोली लग गई। घायल गार्ड को तत्काल टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।
दो बाइक से पहुंचे थे अपराधी
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार नकाबपोश अपराधी कंपनी कार्यालय के पास पहुंचे और फायरिंग करने के बाद मौके से निकल गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार और इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी पप्पू शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से करीब आठ खोखे बरामद किए हैं। पुलिस टीम आसपास के इलाके में भी छानबीन कर रही है।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थाना पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस फायरिंग के कारणों और घटना में शामिल अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। घटना के बाद कोल परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और अपराधियों की तलाश जारी है।





















Total Users : 1135554
Total views : 2959950