पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद, तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
हंटरगंज (चतरा)। चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गेंजना पंचायत के सलैया गांव में सरकारी नलकूप से सोलर प्लेट और मोटर पंप चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सोलर प्लेट और मोटर पंप बरामद किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
22 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला
जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को सलैया गांव निवासी बाढ़ो यादव, पिता कर्मदेव यादव, के लिखित आवेदन पर हंटरगंज थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में सरकारी नलकूप से सोलर प्लेट और मोटर पंप चोरी किए जाने की जानकारी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संभावित ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद जाहिद (22 वर्ष), पिता अब्दुल रशीद, ग्राम गेंजना, हंटरगंज, मोहम्मद मकसूद आलम (30 वर्ष), पिता स्व. जलील मियां, ग्राम रानीगंज तथा संजय महतो (50 वर्ष), पिता जगदीश महतो, ग्राम रानीगंज चपरी, थाना इमामगंज, जिला गया, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सरकारी नलकूप से चोरी किया गया सोलर प्लेट और मोटर पंप बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
छापामारी अभियान में हंटरगंज थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार दुबे सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सरकारी संपत्ति चोरी के मामले का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में इस कार्रवाई की चर्चा है। पुलिस का कहना है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा चोरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।





















Total Users : 1135566
Total views : 2959963