डीजल टंकी फटने के बाद वाहन में लगी आग; दो मासूम बच्चों की भी गई जान, दो गंभीर घायल
गुजरात के नखत्राणा में शनिवार दोपहर एक कबाड़ गोदाम में हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में खड़े छोटा हाथी वाहन की डीजल टंकी में अचानक विस्फोट होने के बाद वाहन में आग लग गई। हादसे की चपेट में आकर चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि नखत्राणा के बाहरी इलाके में स्थित कबाड़ गोदाम में वाहन खड़ा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। धमाके के तुरंत बाद वाहन में आग भड़क उठी और वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में मौके पर चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कुंभार मामद इलियास 30, कुंभार नूरमामद इलियास 26, कुंभार हसनेन मामद 3 वर्ष और नूर फातिमा नूरमामद 3 वर्ष के रूप में बताई गई है। मृतकों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
फिलहाल विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि वाहन में डीजल के अलावा कोई रसायन, गैस सिलेंडर, ज्वलनशील या विस्फोटक पदार्थ तो मौजूद नहीं था। घटना की तकनीकी जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
दो लोग गंभीर, कई एजेंसियां जांच में जुटीं
हादसे में घायल दो लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ एलसीबी और एसओजी की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फॉरेंसिक जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि छोटा हाथी वाहन की डीजल टंकी में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ।





















Total Users : 1142155
Total views : 2968967