मां और दादा कराना चाहते थे दो बच्चों के पिता से विवाह, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के समझाने पर भी नहीं माने परिजन
प्रतापपुर (चतरा)। चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोनिया पंचायत में नाबालिग बच्ची की शादी कराने की तैयारी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नाबालिग की इच्छा के विरुद्ध उसकी शादी दो बच्चों के पिता से कराने की तैयारी की जा रही थी। मामले की जानकारी ग्रामीणों को मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शादी कराने पर अड़े रहे। इसके बाद प्रशासन की तत्परता और सख्ती से फिलहाल नाबालिग की शादी टल गई।
ग्रामीणों के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने पर मोनिया पंचायत के मुखिया अमरेश सिंह और घोरीघाट मंडल अध्यक्ष रामाशंकर गुप्ता नाबालिग के घर पहुंचे। दोनों ने परिजनों को समझाते हुए कहा कि बच्ची अभी शादी के योग्य नहीं है। उन्होंने बाल विवाह से होने वाली परेशानियों और इसके कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि कम उम्र में शादी होने से बच्ची की शिक्षा और भविष्य प्रभावित हो सकता है। इसके बावजूद नाबालिग की मां और दादा शादी कराने पर अड़े रहे।
बारात आने से पहले गांव पहुंचा प्रशासन
बताया गया कि शुक्रवार को नाबालिग की शादी के लिए बारात आने वाली थी। इसी बीच मामले की जानकारी प्रतापपुर के अंचल अधिकारी विकास कुमार टुडू को मिली। सूचना मिलते ही सीओ अपने दल-बल के साथ बिचकिला गांव पहुंचे और नाबालिग के परिजनों को शादी नहीं कराने की सख्त चेतावनी दी।
सीओ ने परिजनों को स्पष्ट रूप से बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। नाबालिग की शादी कराने अथवा इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने परिवार को यह भी निर्देश दिया कि नाबालिग को उसकी इच्छा के विरुद्ध शादी के लिए मजबूर नहीं किया जाए।
प्रशासन की चेतावनी पर पीछे हटा दूल्हा
प्रशासन के गांव पहुंचने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी की जानकारी जब दूल्हे को मिली, तो वह भी शादी से पीछे हट गया। बताया गया कि दो बच्चों का पिता दूल्हा शुक्रवार की रात ही वापस लौट गया। इस तरह प्रशासन की तत्परता से नाबालिग की शादी होने से बच गई।
बताया गया कि नाबालिग के पिता दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं और घटना के समय घर पर ही थे। प्रशासन की कार्रवाई के बाद गांव में मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर रोक लगाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत बताई।






















Total Users : 1141766
Total views : 2968450