1600 मीटर दौड़ में छोटू यादव और सुमन कुमारी रहे अव्वल, शीर्ष 10 खिलाड़ियों को मेडल देकर किया गया सम्मानित
चतरा। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के अंतर्गत तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में फिट इंडिया अभियान के तहत जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चतरा में तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के प्रथम दिन 28 अगस्त 2026 को फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
1600 मीटर दौड़ में छोटू यादव और सुमन कुमारी प्रथम
अभियान के दूसरे दिन 29 अगस्त 2026 को एथलेटिक्स के तहत 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। बालक वर्ग में छोटू यादव ने प्रथम, जितेंद्र यादव ने द्वितीय तथा सुभाष भोक्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में सुमन कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। आवासीय फुटबॉल क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र, चतरा की खिलाड़ी सृष्टि कुमारी ने द्वितीय तथा चंदा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
शीर्ष 10 खिलाड़ियों को मेडल से किया सम्मानित
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल दिए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
तीन दिवसीय अभियान के अंतिम दिन 30 अगस्त 2026 को इसी मैदान में ‘धीमी साइकिल रेस’ तथा ‘म्यूजिकल चेयर रेस’ (सीनियर सिटीजन के लिए) का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर प्रतिभागियों एवं खेलप्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।






















Total Users : 1141766
Total views : 2968450