नए परिसदन के आसपास कार्रवाई से मचा हड़कंप; अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने की जांच
चतरा। जिला मुख्यालय के रिहायशी क्षेत्र में, जहां आसपास डीसी आवास, समाहरणालय और न्यायालय परिसर स्थित हैं, नए परिसदन भवन के समीप संचालित चांदनी होटल सह रेस्टोरेंट में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पुलिस ने पांच युवतियों, चार युवकों और रेस्टोरेंट मालिक के बेटे समेत कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया। सभी को पूछताछ के लिए सदर थाना लाया गया।

पुलिस के मुताबिक, रेस्टोरेंट में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने अचानक रेस्टोरेंट में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया। रेस्टोरेंट मालिक के बेटे को भी पूछताछ के लिए थाना लाया गया।
पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि रेस्टोरेंट में किस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही थीं, यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसमें अन्य लोगों की कोई संलिप्तता थी या नहीं। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
छापेमारी टीम में एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अलावा सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज सहित पुलिस पदाधिकारी तथा महिला एवं पुरुष जवान शामिल थे।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पांच युवतियों, चार युवकों और रेस्टोरेंट मालिक के बेटे को हिरासत में लेकर सदर थाना लाया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में जिस्मफरोशी या अन्य अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होती है, तो संबंधित होटल या रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चा तेज है। हालांकि, जांच पूरी होने और आरोपों की पुष्टि होने से पहले हिरासत में लिए गए किसी भी व्यक्ति को दोषी मानना उचित नहीं होगा।





















Total Users : 1151849
Total views : 2979500