लाठी-डंडे व धारदार हथियार से मारपीट का आरोप, छह नामजद समेत कई अज्ञात के खिलाफ आवेदन
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर थाना क्षेत्र के गांगपुर फुटबॉल मैदान के समीप संचालित यादव होटल में रविवार देर रात खाना खाने के बाद पैसे के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में चंद्रदेव यादव, मनोज यादव और मयंक यादव घायल हो गए। घायलों के सिर में चोट लगने की बात कही गई है।
इस संबंध में होटल संचालक सुनीता देवी, पति कामेश्वर यादव, निवासी गांगपुर ने गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में छह लोगों को नामजद करने के साथ आधा दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों का भी उल्लेख किया गया है।
आवेदन के अनुसार, रविवार देर रात कुछ लोग खाना खाने के लिए होटल पहुंचे थे। खाना खाने के बाद भुगतान को लेकर होटल मालिक के साथ विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने लाठी, रॉड और धारदार हथियार से हमला कर चंद्रदेव यादव, मनोज यादव और मयंक यादव को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आवेदन में नामजद लोगों में झामुमो युवा जिला अध्यक्ष राहुल यादव, दिलीप यादव, मुकेश यादव, रूपेश कुमार, सुरेश कुमार और नितेश अंबानी के नाम शामिल हैं। हालांकि, आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री ने बताया कि घटना से संबंधित लिखित आवेदन थाना को प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















Total Users : 1146492
Total views : 2974015