अंडर-17 में संत पैट्रिक स्कूल की टीम बनी राष्ट्रीय चैंपियन, फाइनल में मिजोरम को 2-0 से हराया
गुमला। झारखंड की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। 65वें सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के अंडर-17 बालिका वर्ग में संत पैट्रिक उच्च विद्यालय, गुमला की टीम ने राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है।
नई दिल्ली के डॉ. बी.आर. आंबेडकर स्टेडियम में 27 अगस्त को खेले गए फाइनल मुकाबले में गुमला की बेटियों ने मिजोरम की एनसीसी टीम को 2-0 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया।
विजेता टीम का जोरदार स्वागत
राष्ट्रीय चैंपियन बनकर लौटी टीम के सम्मान में सोमवार को संत पैट्रिक विद्यालय परिसर में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो और गुमला विधायक भूषण तिर्की ने विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया।
विधायक भूषण तिर्की ने कहा कि गुमला की बेटियों की यह सफलता पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और प्रशिक्षकों को भी बधाई दी।
उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि टीम ने प्रखंड से लेकर जिला, प्रमंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक लगातार शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
विजय जुलूस में दिखा उत्साह
सम्मान समारोह के बाद विजेता टीम के सम्मान में विजय जुलूस निकाला गया। विद्यालय परिसर से शुरू हुआ जुलूस टावर चौक और पटेल चौक होते हुए इनडोर स्टेडियम पहुंचा। रास्तेभर खिलाड़ियों के प्रति लोगों में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।
समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खालको, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, विद्यालय के प्राचार्य फादर नाबोर मिंज, कोच बिना केरकेट्टा, शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। गुमला की बेटियों की इस उपलब्धि ने जिले की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है।
























Total Users : 1147965
Total views : 2975503