पुल पर भी जलजमाव से कांवरियों की गाड़ी रुकी, ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित
प्रतापपुर (चतरा)। आजादी के वर्षों बाद भी चतरा जिले के सुदूर इलाकों में लोगों को बुनियादी सुविधाओं और आवागमन से जुड़ी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। गुरुवार को हुई जोरदार बारिश के बाद प्रतापपुर थाना क्षेत्र की कौरा नदी अचानक उफान पर आ गई। तेज बहाव के बीच एक ट्रैक्टर नदी की बीच धार में फंस गया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर रामस्वरूप यादव का बताया जा रहा है। बारिश के बाद आसपास के जंगल एवं विभिन्न रास्तों से आने वाले नालों का पानी कौरा नदी में पहुंचने से जलस्तर अचानक बढ़ गया। ट्रैक्टर के नदी में फंसने के दौरान जलधारा का बहाव लगातार तेज होता जा रहा था।
मौके पर जुटे लोगों ने ट्रैक्टर को बाहर निकालने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। नदी में पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा।
गेरुआ पुल पर कांवरियों की गाड़ी भी फंसी
इधर, प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय से पांडेयपुरा जाने वाली मुख्य सड़क स्थित गेरुआ पुल पर भी हल्की बारिश के बाद पानी का बहाव तेज हो गया। इससे बाबा नगरी देवघर जा रहे कांवरियों की गाड़ी का पहिया थम गया।
पुल पर पानी का बहाव बढ़ने के कारण दोनों तरफ से आने-जाने वाले राहगीर भी रास्ते के दोनों ओर फंस गए। यह स्थिति घंटों बनी रही। जलस्तर और बहाव कम होने के बाद ही आवागमन सामान्य हो सका।
बारिश के दौरान दोनों स्थानों पर उत्पन्न स्थिति ने ग्रामीण इलाकों में सुरक्षित आवागमन एवं बेहतर पुल-पुलिया की आवश्यकता को एक बार फिर सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों ने ऐसे संवेदनशील स्थानों पर स्थायी समाधान और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम की मांग की है।





















Total Users : 1121988
Total views : 2941333