भोलेनाथ के जयकारों से गूंजेगा लोहरदगा, 17 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
– यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और सनातन आस्था का अद्भुत संगम बनेगी
लोहरदगा : सावन की भक्ति और आस्था से लोहरदगा शहर एक बार फिर शिवमय होने जा रहा है। कांवरिया संघ बरवाटोली के तत्वावधान में 17 अगस्त को मां सिद्धिदात्री दुर्गा मंदिर, बरवाटोली परिसर से भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों के बीच निकलने वाली यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और सनातन आस्था का अद्भुत संगम बनेगी। विशेष बात यह है कि गंगा जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। यह गंगाजल सुल्तानगंज मां गंगा से लाया जा रहा है। जिसे लाने के लिए सैंकड़ों शिव भक्त रवाना हुए हैं। कांवड़ यात्रा की भव्यता पारंपरिक शिव स्तुति, नृत्य और धार्मिक नाटिकाओं के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। यात्रा में महिलाएं, बच्चे, किशोर, युवा और बुजुर्ग सहित सभी वर्गों के श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन समिति के आजीवन संरक्षक सुनील अग्रवाल, अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, सचिव आलोक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राम कुमार और शुभम अग्रवाल ने ने बताया कि यह कांवड़ यात्रा वर्षों से परंपरागत रूप से आयोजित होती आ रही है। इस वर्ष भी इसे और भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। यात्रा में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ गणमान्य लोग भी शामिल होंगे। बरवाटोली से निकलकर हजारों शिवभक्त गुमला जिले के घाघरा प्रखंड स्थित देवाकी शिवधाम पहुंचेंगे। यहां पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार, हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति गीतों से देवाकी धाम का वातावरण पूरी तरह शिवमय हो उठेगा। आयोजन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। शिवभक्तों की सुविधा, यातायात व्यवस्था और यात्रा के दौरान सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था को देखते हुए इस कांवड़ यात्रा के ऐतिहासिक और भव्य होने की उम्मीद है।





















Total Users : 1121870
Total views : 2941176