वेतन भुगतान में देरी और लंबित मामलों को लेकर शिक्षकों में आक्रोश, डीईओ ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
चतरा। झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ, चतरा जिला इकाई के बैनर तले जिले के माध्यमिक शिक्षकों ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय का घेराव किया। आंदोलन का नेतृत्व संघ के जिलाध्यक्ष उपेंद्र राम ने किया। इस दौरान शिक्षकों ने तीन माह से वेतन भुगतान लंबित रहने पर विभागीय कार्यशैली के प्रति कड़ी नाराजगी जताई।
शिक्षकों का आरोप है कि विभाग के पास वेतन भुगतान के लिए आवश्यक आवंटन उपलब्ध रहने के बावजूद कार्यालय की लापरवाही के कारण समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कार्यालय स्तर से समय पर वेतन तैयार नहीं किए जाने के कारण शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार तीन माह से वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
वेतन के साथ लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की मांग
घेराव के दौरान शिक्षकों ने वेतन भुगतान के अलावा स्थानांतरण, प्रतिनियोजन, मातृत्व अवकाश, पितृत्व अवकाश, चिकित्सा अवकाश समेत अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की मांग उठाई। शिक्षकों का कहना था कि इन मामलों में अनावश्यक देरी के कारण उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। संघ ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से सभी लंबित मामलों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने की मांग की।
कार्यालय कर्मी पर शिक्षकों ने लगाए गंभीर आरोप
शिक्षकों ने कार्यालय के बड़ा बाबू मो. मोजाहिद आलम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वेतन तैयार करने के लिए उपस्थिति विवरणी (अपसेंटी) के साथ शिक्षकों से कथित रूप से रुपये लिए जाते हैं। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि रुपये देने से इनकार करने वाले शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।
संघ ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने तथा मो. मोजाहिद आलम को कार्यालय से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
डीईओ के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन
शिक्षकों की समस्याएं सुनने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षक से उपस्थिति विवरणी के साथ पैसे नहीं लिए जाएंगे। उन्होंने शिक्षकों की अन्य समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिलाया।






















Total Users : 1121910
Total views : 2941239