200 से अधिक महिला हस्तशिल्पकार हुईं शामिल, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर
कान्हाचट्टी (चतरा)। चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड अंतर्गत राजपुर पंचायत सचिवालय में सिलाई-कढ़ाई एवं जूट क्राफ्ट लघु उत्पादन इकाई की स्थापना को लेकर हस्तशिल्पकारों के साथ एकदिवसीय जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की 200 से अधिक महिला हस्तशिल्पकारों ने भाग लिया।
बैठक में उद्योग विभाग एवं मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्योग विकास बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी जिला उद्यमी समन्वयक, चतरा हेमंत केसरी ने दी। उन्होंने महिला हस्तशिल्पकारों को स्वरोजगार एवं लघु उद्यम स्थापित करने के लिए उपलब्ध योजनाओं और उनके लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान लघु उत्पादन इकाई, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न कला एवं कौशल प्रशिक्षण से संबंधित योजनाओं की जानकारी साझा की गई। हस्तशिल्पकारों को सरकारी योजनाओं से जुड़कर अपने पारंपरिक कौशल को आय के स्थायी साधन में बदलने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में बताया गया कि क्षेत्र में वर्तमान में कई महिलाएं अपने घरों में सिलाई-कढ़ाई से संबंधित कार्य कर रही हैं। स्थानीय स्तर पर सिलाई-कढ़ाई एवं जूट क्राफ्ट की लघु उत्पादन इकाई स्थापित होने से इन गतिविधियों को संगठित स्वरूप देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलने के साथ रोजगार बढ़ाने और पलायन कम करने में भी सहयोग मिलने की उम्मीद जताई गई।
बैठक के दौरान हस्तशिल्पकारों ने योजनाओं एवं लघु उत्पादन इकाई की स्थापना से संबंधित जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों एवं समन्वयकों द्वारा विभिन्न विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्योग विकास बोर्ड के प्रखंड उद्यमी समन्वयक के रूप में कान्हाचट्टी से अरविंद कुमार, इटखोरी से पिंटू कुमार यादव, पत्थलगड़ा से राहुल कुमार एवं सिमरिया से योगेश्वर मछुआ उपस्थित रहे।
इसके अलावा राजपुर पंचायत के मुखिया विकास कुमार, सांसद प्रतिनिधि (उद्योग विभाग, चतरा) चंदन कुमार केसरी, पीएम विद्यालय राजपुर के अध्यक्ष सुधीर कुमार पासवान एवं बीके प्लस टू हाई स्कूल के प्रधानाचार्य पवन कुमार चौधरी समेत 200 से अधिक महिला हस्तशिल्पकार मौजूद रहीं।





















Total Users : 1121977
Total views : 2941321