फ्लाई ऐश और कोयला ढुलाई में स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता देने की मांग, वाहन खड़े रखकर जताया विरोध
टंडवा (चतरा)। टंडवा प्रखंड क्षेत्र में संचालित एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा परियोजना से निकलने वाली फ्लाई ऐश की ढुलाई में बाहरी वाहनों के परिचालन तथा आम्रपाली, मगध और केडी चट्टी-बरियातू परियोजना में बाहरी वाहनों की एंट्री को लेकर स्थानीय वाहन मालिकों में नाराजगी है। विस्थापित प्रभावित हाइवा ऑनर एसोसिएशन के बैनर तले टंडवा, केरेडारी, सिमरिया एवं कटकमसांडी क्षेत्र के वाहन मालिकों ने बाहरी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग को लेकर अपने-अपने वाहन खड़े कर दिए हैं।
मंगलवार से शुरू हुए विरोध के दूसरे दिन चुंदरू धाम परिसर में टंडवा, आम्रपाली और केरेडारी क्षेत्र के वाहन मालिकों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मुकेश साहु ने की, जबकि संचालन विजय साहु ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक बाहरी टिप-ट्रेलर वाहनों का परिचालन बंद नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और वाहन खड़े रखे जाएंगे।
केरेडारी ऑनर संघ के सरोज साहु ने आरोप लगाया कि बाहरी बिचौलिए एनटीपीसी परियोजना क्षेत्र में आकर फ्लाई ऐश की ढुलाई में बाहरी वाहनों का परिचालन करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय वाहन मालिकों के हक और अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
टंडवा ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश साहु ने कहा कि टंडवा-सिमरिया मुख्य पथ पर क्षमता से अधिक संख्या में टिप-ट्रेलरों का परिचालन हो रहा है। उनके अनुसार, इससे सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि के साथ प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक हो गया है।
वहीं हेमराज साहु ने जिला प्रशासन से मांग की कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं प्रदूषण को देखते हुए केरेडारी-बड़कागांव मुख्य पथ से कोयला वाहनों का परिचालन शुरू कराया जाए, ताकि टंडवा-सिमरिया मार्ग पर वाहनों का दबाव कम हो सके। बैठक में विजय साहु, महावीर साहु, सकेन्द्र साहु, पवन कुमार, बहादुर कुमार, लखन महतो, सुनील सुंडी समेत कई वाहन मालिक उपस्थित थे।
सिमरिया के सर्वदलीय आंदोलन को भी दिया समर्थन
वाहन मालिकों ने सिमरिया में सड़क दुर्घटनाओं एवं प्रदूषण के खिलाफ चल रहे सर्वदलीय आंदोलन को भी समर्थन दिया है। वाहन मालिक संघ के सरोज साहु ने कहा कि झामुमो नेता मनोज चंद्रा के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन क्षेत्र के लोगों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि हाइवा ऑनर एसोसिएशन इस आंदोलन का समर्थन करता है।






















Total Users : 1121943
Total views : 2941281