देशी कट्टा, जिंदा कारतूस व अपाची बाइक बरामद; चप्पल से भी मिली अहम सुराग
चतरा। वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़, जोरी के समीप सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा से हुई लूटपाट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों के भागने के दौरान छूटे चप्पल भी बरामद किए थे। इनमें एक जोड़ी चप्पल गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार की बताई गई है। उक्त जानकारी बुधवार को पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
डीएसपी ने बताया कि 7 अगस्त की रात करीब 8 बजे सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़, जोरी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर मोबाइल फोन और सोने की चेन लूट ली। दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपराधियों ने फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए।
घटना को लेकर वशिष्ठ नगर थाना में कांड संख्या 117/2026 के तहत धारा 309(6)/311 बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
डीएसपी ने बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम द्वारा अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में 11 अगस्त को अमित कुमार, बीटु कुमार एवं रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार एवं अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार पिता अजय दास, ग्राम परासिया, थाना हंटरगंज, चतरा; बीटु कुमार पिता राजू दास, ग्राम छोटकी जोरी, थाना वशिष्ठ नगर, चतरा तथा रोहित कुमार पिता रामरतन भारती, ग्राम करैलीबार, थाना वशिष्ठ नगर, चतरा के रूप में हुई है।
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हंटरगंज थाना में वर्ष 2021 में डकैती से संबंधित मामला दर्ज है। इसके अलावा बिहार के शेरघाटी थाना एवं बहेरा ओपी में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार अमित कुमार के खिलाफ हंटरगंज थाना कांड संख्या 175/2021, दिनांक 16 दिसंबर 2021, धारा 395 भादवि के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा शेरघाटी थाना कांड संख्या 356/2024 एवं 379/2024 तथा बहेरा ओपी कांड संख्या 43/2024 भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल हैं।






















Total Users : 1120434
Total views : 2939348