बैहराटांड़ मैदान में चल रही थी खरीद-बिक्री, पुलिस ने की कार्रवाई
चतरा। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जितनी मोड़ के समीप बैहराटांड़ खाली मैदान के पास पुलिस ने छापेमारी कर 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों में केसरी चौक के कुंजरटोली निवासी मो. राजा उर्फ तालिम एवं असढ़िया गांव निवासी आदित्य कुमार यादव शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।
उक्त जानकारी सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बुधवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि बैहराटांड़ के खाली मैदान में दो-तीन लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के बाद तत्काल छापामारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आदित्य कुमार यादव के पास से 13.35 ग्राम तथा मो. राजा उर्फ तालिम के पास से 1.58 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इस संबंध में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दोनों आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
थाना प्रभारी के अनुसार, गिरफ्तार दोनों युवकों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। आदित्य कुमार यादव के खिलाफ सदर थाना में एक मामला, जबकि मो. राजा के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। छापामारी टीम में एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, एएसआई प्रवीण कुमार सहित जिला बल के जवान शामिल थे।























Total Users : 1120438
Total views : 2939352