ठेकेदारों से संपर्क कर लेवी सेटलमेंट कराने का आरोप, लंबे समय से था फरार
चतरा। चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलदाग गांव निवासी कुलदीप गंझु, पिता मुकुंद गंझु, को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार, कुलदीप गंझु पर माओवादी मनोहर गंझु को खाना खिलाने, सहयोग करने तथा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, कुलदीप गंझु काफी समय से फरार चल रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि कुलदीप की दोस्ती वर्ष 2023 में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अमर सिंह भोक्ता के साथ भी थी। इसके बाद उसकी दोस्ती कथित रूप से माओवादी मनोहर गंझु से हो गई और वह उसके लिए क्षेत्र में काम करने लगा।
पुलिस का आरोप है कि कुलदीप गंझु ठेकेदारों से संपर्क कर लेवी के सेटलमेंट में भूमिका निभाता था। पुलिस ने यह भी बताया कि कुलदीप गंझु पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। थाना प्रभारी ने कहा कि नक्सलियों से संपर्क रखने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

















Total Users : 1120121
Total views : 2938942