भूमि विवाद से लेकर आवास, राशन कार्ड और मंईयां सम्मान योजना तक के आवेदन पहुंचे
चतरा। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देशानुसार मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित जनता दरबार में भू-अर्जन पदाधिकारी शशिकांत सिनकर ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। इस दौरान लोगों ने विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जनता दरबार में भूमि विवाद, आवास योजना, राशन कार्ड, मंईयां सम्मान योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। भू-अर्जन पदाधिकारी ने आवेदनों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी न हो।
इस दौरान जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी रितेश कुमार को प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण कर संबंधित विभागों को भेजने तथा उनके निष्पादन की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में नियमित जनता दरबार आयोजित किया जाता है। आमजन निर्धारित समय पर पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।





















Total Users : 1121975
Total views : 2941319