सहायक अभियंता पर लगे आरोपों की जांच के लिए सरकार ने मांगी रिपोर्ट
लोहरदगा। नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार ने लोहरदगा नगर परिषद में पदस्थापित सहायक अभियंता सचिन कुमार महतो के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इस संबंध में विभाग के उप सचिव रविश राज सिंह द्वारा उपायुक्त, लोहरदगा को पत्र जारी किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर परिषद लोहरदगा के उपाध्यक्ष द्वारा सरकार को एक आवेदन देकर आरोप लगाया गया है कि सहायक अभियंता पिछले लगभग 12 वर्षों से लोहरदगा नगर परिषद में पदस्थापित हैं तथा कुछ संवेदकों के साथ मिलकर अनियमितता बरतने एवं विभिन्न योजनाओं में साझेदारी कर कार्य करने जैसी शिकायतें की गई हैं।
विभागीय पत्र में उल्लेख किया गया है कि इससे पूर्व भी 16 जून 2026 को संवेदक संघ की ओर से सहायक अभियंता के खिलाफ शिकायत की गई थी, जिस पर जांच प्रतिवेदन मांगा गया था, लेकिन अब तक रिपोर्ट अप्राप्त बताई गई है।
सरकार ने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि आवेदन में उल्लिखित सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कर विस्तृत जांच प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके।
इस पत्र के सामने आने के बाद नगर परिषद लोहरदगा में प्रशासनिक हलकों के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में भी चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
(नोट: पत्र में लगाए गए आरोप शिकायत के आधार पर हैं। आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।)





















Total Users : 1121926
Total views : 2941260