बीडीओ ने छात्रों को बड़े लक्ष्य तय करने का दिया संदेश, कॉलेज भवन निर्माण का दिलाया भरोसा
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया डिग्री महाविद्यालय का 11वां स्थापना दिवस रविवार को हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंद्रदेव प्रसाद, जिला परिषद सदस्य देवनंदन साहू, महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बिनोद बिहारी पासवान, सचिव अखिलेश सिंह, सरयू राणा, राम गुलाब राम तथा प्राचार्य मिथलेश कुमार रजक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों और लोगों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए बड़ा लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर समाज, देश और अपने परिवेश की भी गहरी समझ विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने महाविद्यालय भवन निर्माण की मांग पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए कहा कि इस संबंध में जिला प्रशासन के समक्ष गंभीरता से पहल की जाएगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य मिथलेश कुमार रजक ने अपने संबोधन में कॉलेज की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2024 में संस्थान को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए ग्रेड ‘बी’ प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इंटर यूनिवर्सिटी तीरंदाजी प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने पदक जीतकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जो संस्थान के लिए गर्व की बात है।
स्थापना दिवस समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, समूह नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






















Total Users : 1123840
Total views : 2943757