भूमि विवाद, पेयजल, सड़क, आवास, पेंशन समेत विभिन्न मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
चतरा। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।
प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, पेयजल, सड़क, आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना, स्वास्थ्य एवं शिक्षा समेत अन्य मामले शामिल रहे। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मामलों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करते हुए आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने को कहा।
जनसमस्याओं के समाधान में शिथिलता बर्दाश्त नहीं
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित पदाधिकारी आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए नियमानुसार मामलों का समाधान सुनिश्चित करें।
प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार आयोजित होता है जनता दरबार
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। इसके माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले आमजनों की समस्याओं को सीधे सुना जाता है और संबंधित विभागों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाते हैं।





















Total Users : 1137551
Total views : 2962633