प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का घेराव कर हंगामा, डीलर पर दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप; जांच का मिला आश्वासन
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड के गेरुआ पंचायत अंतर्गत बड़ीबिगहा गांव में तीन माह से राशन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को राशन कार्डधारियों का गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों कार्डधारी प्रखंड कार्यालय पहुंचे और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष वर्मा का घेराव कर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने डीलर सविता देवी पर मई, जून और जुलाई का राशन नहीं देने तथा राशन मांगने पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और लाठी से मारकर भगाने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों का कहना है कि तीन माह से अनाज नहीं मिलने के कारण गरीब परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। कार्डधारियों ने आरोप लगाया कि डीलर द्वारा राशन देने के बजाय कई लोगों से तराजू पर बालू रखकर अंगूठे का निशान ले लिया जाता है और बाद में राशन लेने आने की बात कही जाती है। दोबारा राशन मांगने पहुंचने पर कथित तौर पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया जाता है।
राशन कार्डधारी चंपा देवी, रंजू देवी, बतासिया देवी, गोदावरी देवी, जिरवा देवी, पांव देवी, पुलवामा देवी, फुलवा देवी और सॉरी देवी समेत अन्य ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने तीन माह का बकाया राशन तत्काल उपलब्ध कराने की भी मांग की।
राशन मांगने गए युवक से मारपीट का आरोप
ग्रामीणों ने सुंदर भारती के साथ मारपीट का भी गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि सुंदर भारती राशन मांगने डीलर के पास गया था। इसी दौरान विवाद हुआ, जिसमें डीलर द्वारा कथित रूप से लाठी से मारकर उसे घायल कर दिया गया। इस आरोप के बाद ग्रामीणों में और आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि राशन वितरण में गड़बड़ी और मारपीट के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित डीलर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
बुधवार को राशन दुकान पहुंचकर जांच करेंगे अधिकारी
मामले को लेकर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष वर्मा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बुधवार को वे स्वयं राशन दुकान पर पहुंचकर मामले की जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्डधारी मौके पर अपनी शिकायत रखें और जांच में डीलर दोषी पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीण वापस लौट गए।
डीलर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
इधर, डीलर सविता देवी ने ग्रामीणों के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा सभी राशन कार्डधारियों को अनाज का वितरण कर दिया गया है और इसका ऑनलाइन रिकॉर्ड भी देखा जा सकता है। उन्होंने अपने खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताया। अब पूरे मामले की सच्चाई प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की बुधवार को होने वाली जांच के बाद सामने आएगी। ग्रामीणों की नजर जांच और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।





















Total Users : 1137557
Total views : 2962641