6 नामी कंपनियों ने लिया भाग, योग्य अभ्यर्थियों को मौके पर ही मिले ऑफर लेटर
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड अंतर्गत आईटीआई कॉलेज, मुरुमदाग में गुरुवार 23 जुलाई 2026 को एक दिवसीय छात्र प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छह प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जबकि करीब 300 छात्र-छात्राओं ने रोजगार के अवसरों को लेकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ यूएनडीपी के प्रतिनिधि ने किया। इस दौरान कॉलेज के सभी शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपने संस्थान, कार्यक्षेत्र, वेतन पैकेज तथा करियर में आगे बढ़ने की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी छात्रों को दी।
साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के दौरान योग्य पाए गए कई छात्रों को कंपनियों ने मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए। कंपनियों की जानकारी और रोजगार के अवसरों से प्रेरित होकर कई विद्यार्थियों ने तत्काल नौकरी ज्वाइन करने की इच्छा भी व्यक्त की।
मुख्य अतिथि यूएनडीपी के प्रतिनिधि ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल ही आज के समय की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि आईटीआई जैसे तकनीकी संस्थानों से प्रशिक्षित युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मेहनत, अनुशासन और कौशल के बल पर हर विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्राचार्य ने सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों, मुख्य अतिथि तथा उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्लेसमेंट ड्राइव विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा भी तय करते हैं। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।




















Total Users : 1090933
Total views : 2898642