पैनीकला में भक्ति और आध्यात्म का संगम, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा पूरा परिसर
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड के पैनीकला स्थित पंचायत सचिवालय परिसर के समीप गुरुवार को आयोजित भव्य शिवचर्चा में बारिश भी शिवभक्तों की आस्था को नहीं डिगा सकी। तेज फुहारों के बीच भी दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु, विशेषकर महिलाओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। पूरे परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव’ के जयघोष तथा भक्ति गीतों से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
स्थानीय शिवभक्तों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मुख्य वक्ता सुनील कुमार वर्मा ‘भैया’ ने अपने प्रवचन में कहा कि भगवान भोलेनाथ देवों के देव महादेव हैं और शिव गुरु के रूप में अपने शिष्यों का सदैव मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सच्चे मन से भगवान शिव को अपना गुरु मानकर समर्पित होता है, उसके जीवन की कठिनाइयां दूर होती हैं और उसे सही मार्ग की प्राप्ति होती है।
उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में मानवता ही सबसे बड़ा धर्म था। यदि धर्म अलग-अलग होता तो सूर्य, चंद्रमा और प्रकृति भी अलग होती। वर्तमान समय में समाज में रिश्तों के बीच बढ़ती दूरियों को दूर करने के लिए शिवचर्चा प्रेम, एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक जीवन का संदेश देती है। इस दौरान उन्होंने स्वामी हरिंद्रानंद एवं नीलम दीदी द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में टून यादव, पम्मी देवी, रूबी देवी, गजेंद्र यादव, फुलवा देवी, गुड़िया देवी, लल्लू यादव, अरविंद यादव सहित सैकड़ों शिवभक्त उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।




















Total Users : 1090933
Total views : 2898642