दिव्या हत्याकांड का खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता राहुल यादव गिरफ्तार; कोर्ट में बयान से पहले रची थी साजिश
चतरा/हंटरगंज। चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान से 26 जून को बरामद युवती दिव्या कुमारी के शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के मुख्य साजिशकर्ता एवं दिव्या के प्रेमी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को चतरा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार राहुल यादव गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के कुबड़ी गांव का निवासी है। उसे शेरघाटी से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी नेपाली गंझू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उसकी निशानदेही, पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे हत्याकांड की साजिश का खुलासा हुआ, जिसके बाद मुख्य आरोपी राहुल यादव की तलाश शुरू की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि दिव्या कुमारी और राहुल यादव के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। इस दौरान राहुल ने शादी का झांसा देकर दिव्या के साथ संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दिव्या ने राहुल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया था, जो न्यायालय में विचाराधीन था।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि राहुल लगातार दिव्या पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था, लेकिन दिव्या इसके लिए तैयार नहीं हुई। इसी बीच न्यायालय में दिव्या का बयान होना था। राहुल को आशंका थी कि यदि दिव्या उसके खिलाफ बयान देती है तो उसे सजा हो सकती है। इसी डर से उसने दिव्या की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, राहुल यादव ने गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र के खरांटी गांव निवासी नेपाली गंझू को दो लाख रुपये की सुपारी देकर दिव्या की हत्या कराई। हत्या के बाद शव को जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना अथवा अज्ञात हत्या का रूप दिया जा सके। एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया। प्रेस वार्ता के दौरान हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार भी उपस्थित थे।





















Total Users : 1089005
Total views : 2896021