अब 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती मिलेंगी गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ, विधायक ने किया उद्घाटन
मयूरहंड (चतरा)। चतरा जिले के मयूरहंड प्रखंड मुख्यालय स्थित कुम्हरथान में बुधवार को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। केंद्र का उद्घाटन सिमरिया के भाजपा विधायक कुमार उज्ज्वल दासन ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद लोगों ने केंद्र से आवश्यक दवाइयों की खरीदारी की तथा उपलब्ध सुविधाओं और दवा वितरण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर बताया गया कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसके तहत आम लोगों को ब्रांडेड दवाइयों के समान गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयाँ 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाती हैं। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ उपलब्ध कराकर उपचार को सुलभ बनाना है।

केंद्र में रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, बुखार, दर्द निवारक दवाओं के अलावा सर्जिकल सामग्री तथा स्वास्थ्य संबंधी दो हजार से अधिक प्रकार की दवाइयाँ किफायती दरों पर उपलब्ध रहेंगी।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि जन औषधि केंद्र के खुलने से मयूरहंड एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब महंगी दवाइयों के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों के इलाज का खर्च काफी कम होगा और उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल को क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजना की सराहना की।




















Total Users : 1174346
Total views : 3004876