ठेकेदार के साथ पहुंचे थे दोनों गार्ड, आपसी विवाद में सिर में गोली मारकर हत्या; आरोपी गिरफ्तार
चतरा। जिला मुख्यालय में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय एवं आवास के ठीक सामने दिनदहाड़े एक निजी बॉडीगार्ड ने अपने ही साथी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियार सहित मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान अतुल कुमार (निवासी बक्सर, बिहार) के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी बलवीर सिंह, जो बिहार का ही निवासी है, बताया गया है। दोनों बिहार के बेलागंज विधायक मनोरमा यादव के पुत्र एवं चतरा बाईपास निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार रॉकी यादव उर्फ विनीत यादव के निजी बॉडीगार्ड थे।
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार रॉकी यादव मंगलवार को किसी कार्य से पुलिस अधीक्षक से मिलने उनके आवास पहुंचे थे। इस दौरान उनके दोनों निजी सुरक्षा कर्मी वाहन में बैठे हुए थे। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बलवीर सिंह ने अपना हथियार निकालकर अतुल कुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही अतुल कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही एसपी आवास के बाहर तैनात पुलिसकर्मी और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि रमिया कंस्ट्रक्शन द्वारा चतरा बाईपास निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी कार्य के सिलसिले में ठेकेदार रॉकी यादव पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके दोनों निजी सुरक्षा कर्मियों के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया।
पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में दोनों बॉडीगार्ड के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
एसपी कार्यालय और आवास जैसे अतिसुरक्षित क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। घटना को लेकर पूरे शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।























Total Users : 1086674
Total views : 2892843