दिनदहाड़े गोलीबारी से सनसनी: आरोपी गार्ड गिरफ्तार; कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
झारखंड | चतरा
चतरा एसपी आवास के सामने मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। फायरिंग की इस घटना में एक प्राइवेट गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलीबारी की घटना एसपी आवास के सामने हुई, जहां दो प्राइवेट गार्डों के बीच विवाद के बाद फायरिंग होने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, आपसी रंजिश में एक गार्ड ने दूसरे गार्ड पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो राउंड फायरिंग की थी। पहली गोली पास में खड़ी एक कार की छत में जाकर लगी, जबकि दूसरी गोली सीधे मृतक गार्ड की आंख में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गार्ड को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने एक बिहार पुलिस के जवान को भी संदेह के आधार पर हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में जांच का दायरा विस्तारित किया गया।
घटनास्थल पर सिमरिया एसडीपीओ, डीएसपी मुख्यालय, टंडवा एसडीपीओ समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास खड़ी फोर्ड एंडेवर वाहन चतरा में बाईपास निर्माण कार्य करा रही रमियां कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक रॉकी यादव की है। पुलिस ने उक्त वाहन को जब्त कर लिया है। सूत्रों के अनुसार वाहन से कुछ हथियार भी बरामद किए गए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
फिलहाल मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वरीय पुलिस अधिकारी मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही गोलीबारी के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।






















Total Users : 1086633
Total views : 2892780