थाना में हुई विशेष बैठक, अवैध शराब, जुआ, अफीम और ट्रैफिक व्यवस्था पर उठी आवाज
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया थाना परिसर में सोमवार को पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास, बेहतर सहयोग एवं जन-समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष पुलिस-पब्लिक संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शुभम नागरगोजे भाऊ साहेब ने की, जबकि संचालन नवपदस्थापित थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों एवं आम नागरिकों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
बैठक में स्थानीय लोगों ने साप्ताहिक बाजार में हब्बा-डब्बा जुआ एवं अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, क्षेत्र में संचालित अवैध मिनी शराब फैक्ट्रियों को बंद कराने, सुदूर इलाकों में अफीम की खेती रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने, हजारीबाग रोड स्थित कदले के पास नो-एंट्री लागू करने तथा बाजार के दिन भारी वाहनों का परिचालन एक घंटे विलंब से कराने की मांग उठाई।
इसके अलावा सिमरिया चौक के बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को चालू कराने, जबड़ा चौक पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सिमरिया हाई स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास असामाजिक तत्वों एवं आवारा युवकों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
एसडीपीओ शुभम नागरगोजे एवं थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने लोगों को भरोसा दिलाया कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी। थाना प्रभारी ने कहा कि “थाना आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को न्याय दिलाना मेरी पहली प्राथमिकता है। पुलिस 24 घंटे गश्त पर रहती है। यदि मेरी अनुपस्थिति में किसी आवेदन पर कार्रवाई नहीं होती है, तो सीधे मुझे इसकी सूचना दें।”
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों के साथ अपने मोबाइल नंबर भी साझा किए और किसी भी अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में प्रखंड प्रमुख रोहन साहू, उप प्रमुख दामोदर गोप, जिला परिषद सदस्य देवनंदन साहू, पूर्व जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश सिंह, अनामिका देवी, लखन साव, नेमधारी महतो, सुनीता देवी, नरेश साव, विनोद महतो, गिरेंद्र पांडे, सलीम अख्तर, विनोद बिहारी, मनोज महाजन, रविंद्र सिंह, अजय ठाकुर, मो. अख्तर, मोहम्मद ऐनुल हक, परमेश्वर यादव, सरोज गंझू सहित सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।






















Total Users : 1085356
Total views : 2890817