पति-पत्नी और भतीजे का अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, लूटे गए सभी आभूषण बरामद
कोडरमा पुलिस ने चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां स्थित पेट्रोल पंप पर व्यवसायी से हुई हाईप्रोफाइल ज्वेलरी लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय लूट गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पति-पत्नी और उनका भतीजा शामिल हैं, जो देश के विभिन्न राज्यों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सभी आभूषण, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, मोबाइल फोन और वाहनों की डिक्की खोलने वाली विशेष ‘मास्टर-की’ भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के भद्रक निवासी राजू दास (35), उसकी पत्नी टिंक्कल दास (32) तथा जाजपुर निवासी धनराज प्रधान (21) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि गिरोह की महिला सदस्य पहले सामान बेचने के बहाने इलाके की रेकी करती थी। इसी योजना के तहत उसने व्यवसायी अशोक सोनी को निशाना बनाया और अपने पति व भतीजे को ओडिशा से बुलाकर वारदात को अंजाम दिलाया।
घटना के बाद गठित विशेष जांच दल (SIT) ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों का पता लगाया। पुलिस टीम ने ओडिशा के जाजपुर जिले में छापेमारी कर राजू दास और धनराज प्रधान को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर कोडरमा रेलवे जंक्शन से फरार होने की कोशिश कर रही टिंक्कल दास को भी दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, 16 जोड़ी पायल, 7 चेन, 11 बिछिया, 13 अंगूठियां, बच्चों के कंगन, ताबीज, लॉकेट, नाक के आभूषण, नथिया, ज्वेलरी बैग, ज्वेलरी मापक यंत्र, दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक और डिक्की खोलने में इस्तेमाल होने वाली टी-आकार की विशेष ‘मास्टर-की’ बरामद की है।
एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। दिल्ली और मुंबई पुलिस भी इस गिरोह की तलाश में ओडिशा में छापेमारी कर चुकी थी, लेकिन मजबूत तकनीकी साक्ष्यों और सटीक जांच के आधार पर कोडरमा पुलिस ने गिरोह को गिरफ्तार कर पूरे लूटकांड का सफल खुलासा कर दिया।























Total Users : 1085356
Total views : 2890816