महिला पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, बैंक खातों और नेटवर्क की होगी जांच
सिमरिया/लावालौंग (चतरा)। चतरा पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लावालौंग थाना क्षेत्र के बुलबुल गांव में छापेमारी कर 722 ग्राम सूखा अफीम बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने गांव निवासी सकुन्ती देवी (पति– बासुदेव गंझू) को नामजद अभियुक्त बनाते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (आईपीएस) नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि सकुन्ती देवी अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से सूखा अफीम छिपाकर रखी हुई है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने बुलबुल गांव पहुंचकर सकुन्ती देवी के घर की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान घर के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का केन बरामद हुआ। केन खोलने पर उसमें से 722 ग्राम सूखा अफीम मिला। पुलिस ने मौके से अफीम के अलावा सकुन्ती देवी के नाम का बैंक ऑफ इंडिया का पासबुक भी जब्त किया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में लावालौंग थाना कांड संख्या-49/2026, दिनांक 20 जुलाई 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(सी), 27(ए) एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बैंक खातों और नेटवर्क की होगी जांच
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अब आरोपी महिला के बैंक खातों की जांच करने के साथ-साथ उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी पड़ताल कर रही है, ताकि इस अवैध नशा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इस सफल कार्रवाई में सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (आईपीएस) नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब, लावालौंग थाना के दारोगा विधायक प्रसाद यादव तथा लावालौंग थाना के सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।























Total Users : 1085356
Total views : 2890818