रिमांड में पूछताछ के बाद AK-56 समेत भारी मात्रा में हथियार और 90 जिंदा कारतूस बरामद
लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। लातेहार पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा-209 बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में भाकपा (माओवादी) संगठन के 20 लाख रुपये के इनामी रीजनल कमेटी सदस्य रविंद्र गंझू उर्फ मुकेश गंझू उर्फ सुरेंद्र गंझू को गिरफ्तार किया गया। रिमांड पर पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर AK-56 राइफल, दो मैगजीन और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
लातेहार के एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने प्रेस वार्ता में बताया कि 43 वर्षीय रविंद्र गंझू, चंदवा थाना क्षेत्र के हेसला गांव के बांझी टोला का निवासी है और पिछले करीब 30 वर्षों से माओवादी संगठन में सक्रिय था। वह सुरक्षा बलों पर कई बड़े हमलों और नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर उसे चंदवा थाना क्षेत्र के बांझी टोला से गिरफ्तार किया गया। न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद पूछताछ में उसने कई नक्सली घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चलाए गए तलाशी अभियान में एक AK-56 राइफल, दो मैगजीन, 90 जिंदा कारतूस और एक काला पाउच बरामद किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रविंद्र गंझू के खिलाफ लोहरदगा में 87, लातेहार में 41 और गुमला में 27 सहित कुल 155 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। झारखंड सरकार ने उस पर 20 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
इस अभियान में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बेतर ओपी प्रभारी रितेश कुमार राव, बारेसाढ़ थाना प्रभारी शशि कुमार, अजीत कुमार, रितेश तिग्गा, कोबरा-209 बटालियन और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने इसे माओवादी संगठन के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका बताया है।



















Total Users : 1120882
Total views : 2939889