19.72 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद, केरेडारी-टंडवा के आरोपी गिरफ्तार
टंडवा (चतरा)। चतरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टंडवा थाना क्षेत्र से दो ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल फोन तथा नाप-तौल करने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की गई है।
टंडवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रभात रंजन बरवार ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एनटीपीसी टंडवा गेट नंबर-02 जाने वाले मार्ग पर अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए उनके नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार (25 वर्ष), ग्राम पचड़ा, थाना केरेडारी, जिला हजारीबाग तथा विकाश कुमार महतो (24 वर्ष), ग्राम नईपारम, थाना टंडवा, जिला चतरा के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल फोन तथा डिजिटल नाप-तौल मशीन बरामद की। इनमें राजेश कुमार के पास से 9.01 ग्राम तथा विकास कुमार महतो के पास से 10.71 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
एसडीपीओ ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। छापेमारी दल में एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार तथा टंडवा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।























Total Users : 1081743
Total views : 2885736