3 लाख की फिरौती मांगने वाले तीन अपहरणकर्ता गया से गिरफ्तार
रांची। रांची के दलादली टीओपी (नगड़ी थाना) क्षेत्र के सपारोम से अगवा की गई 5 वर्षीय बच्ची को रांची पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने बिहार के गया से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को बच्ची का अपहरण कर परिजनों से 3 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। आरोपियों ने फिरौती नहीं देने पर बच्ची की हत्या की धमकी भी दी थी।
रांची एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी शाखा और गया पुलिस के सहयोग से 35 से 40 संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। लगातार अभियान चलाने के बाद गया जंक्शन के समीप एक होटल से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्रा पीड़िता के घर के पास किराये पर रहता था। उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ गया ले गया। उसके दो साथी सचिन कुमार और मोनु कुमार ने बच्ची को छिपाने और फिरौती वसूलने में उसकी मदद की।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने बच्ची की मां को धमकाकर दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर ऑनलाइन 5-5 हजार रुपये भी ट्रांसफर कराए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






















Total Users : 1079831
Total views : 2882891