जिला परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ₹33 हजार का जुर्माना वसूला गया
गिद्धौर (चतरा)। सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को गिद्धौर थाना के समीप जिला परिवहन विभाग एवं पुलिस ने संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान छोटे एवं बड़े वाहनों के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
जांच अभियान का नेतृत्व गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री तथा जिला परिवहन विभाग के कर्मी संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से किया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे 33 बाइक चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ई-पॉस मशीन के माध्यम से कुल 33 हजार रुपये का चालान काटा गया।
थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। इस मौके पर पुलिस बल के जवान भी अभियान में मौजूद रहे।






















Total Users : 1079861
Total views : 2882922