गांव की बेटी ने बढ़ाया चतरा का मान, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर
मयूरहंड (चतरा)। नीट परीक्षा 2026 में प्रखंड के सुहैय गांव निवासी एवं अंकेक्षण पदाधिकारी शिव कुमार सिंह की पुत्री सना आर्यन ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर क्षेत्र के साथ-साथ पूरे चतरा जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सना आर्यन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद हजारीबाग स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने सेंट ऑगस्टिन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हजारीबाग से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। नीट परीक्षा की तैयारी भी उन्होंने हजारीबाग में रहकर की और अपने पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त की।
सना ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर परिश्रम को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग से यह सफलता संभव हो सकी। सना आर्यन की उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।
सना के नाना एवं कुम्हारी निवासी, डीलर संघ के पूर्व अध्यक्ष सीताराम ने कहा कि “होनहार के होत चिकने पात” वाली कहावत सना ने चरितार्थ कर दी है। उन्होंने कहा कि सना की सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।























Total Users : 1079834
Total views : 2882894