ताला तोड़कर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में आक्रोश
पत्थलगड़ा (चतरा)। चतरा जिले के पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डमोल (उर्दू स्कूल) में बीती रात चोरों ने धावा बोलकर विद्यालय का ताला तोड़ दिया और लाखों रुपये मूल्य के शैक्षणिक उपकरण एवं आवश्यक सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं में भारी आक्रोश एवं निराशा का माहौल है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, गुरुवार सुबह जब शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो मुख्य कमरों के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा गया तो विद्यालय में रखे इनवर्टर, बड़ी बैटरी, एलईडी टीवी, स्टेबलाइजर, साउंड स्पीकर सहित कई आवश्यक उपकरण गायब थे। चोर विद्यालय में रखे अन्य जरूरी सामान और दस्तावेजों पर भी हाथ साफ कर गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की चोरी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना है कि सरकार द्वारा बच्चों की पढ़ाई के लिए उपलब्ध कराए गए संसाधनों की चोरी से विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होगी।
घटना की सूचना विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सकीला खातून एवं सचिव संजीव कुमार ने तत्काल पत्थलगड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने समिति अध्यक्ष, सचिव, सहायक शिक्षक दिनेश्वर दांगी तथा ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।
























Total Users : 1079853
Total views : 2882913