पीएचडी विभाग की लापरवाही से सड़कों पर गड्ढे, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
विशेष संवाददाता: सम्राट पाठक

चतरा। चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचडी) द्वारा कराए जा रहे पाइपलाइन कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग और संवेदक द्वारा रात के समय सड़कों की खुदाई तो कर दी जाती है, लेकिन गड्ढों को समय पर नहीं भरा जाता, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में कार्य होने के कारण आम नागरिकों को इसकी पूर्व जानकारी नहीं मिलती। कई स्थानों पर खुले और गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। लोगों का कहना है कि अधूरा कार्य छोड़ देना आम जनता की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही है।
उप प्रमुख सुमन सिंह ने विभाग और संवेदक की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी भी सड़क की खुदाई के बाद उसे तत्काल समतल कर आवागमन सुचारू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देना विभाग की जिम्मेदारी है।
ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि सड़कों पर बने गड्ढों के कारण रोजाना लोग दुर्घटना के खतरे के बीच आवागमन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अधूरे कार्य को पूरा कर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि पाइपलाइन कार्य को शीघ्र पूरा कर सभी गड्ढों को भरवाया जाए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।





















Total Users : 1174518
Total views : 3005084