अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर उठे सवाल, भाजपा झारखंड इकाई ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस मामले को उठाते हुए राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं और स्वास्थ्य मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की है
गुमला। गुमला जिले के चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चैनपुर के प्रेमनगर निवासी 14 वर्षीय शिवानी कुमारी की इलाज के दौरान कथित लापरवाही और समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण स्थिति बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि बेहोशी की हालत में घंटों अस्पताल में पड़े रहने के बावजूद बच्ची को समय पर उपचार और रेफरल की समुचित व्यवस्था नहीं मिल सकी। बाद में निजी पिकअप वाहन से सदर अस्पताल गुमला ले जाया गया, जहां से रिम्स रेफर किए जाने के बाद रास्ते में उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, शिवानी अचानक गंभीर रूप से बीमार होकर बेहोश हो गई थी। उसे तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन करीब तीन घंटे तक कोई चिकित्सक उसे देखने नहीं पहुंचा। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद सरकारी एंबुलेंस तकनीकी खराबी के कारण चालू नहीं हो सकी। काफी देर तक लोगों ने एंबुलेंस को धक्का लगाकर स्टार्ट करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि बच्ची की गंभीर हालत के बावजूद अस्पताल में समय पर ऑक्सीजन जैसी आवश्यक सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई गई। मजबूरी में परिजनों ने निजी पिकअप वाहन किराये पर लिया और बच्ची को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस और आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल जाती, तो शायद बच्ची की जान बचाई जा सकती थी। इस बीच, इस घटना का वीडियो और परिजनों के बयान सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में इस मामले को उठाते हुए राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं और स्वास्थ्य मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन या स्वास्थ्य विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।






















Total Users : 1076747
Total views : 2878641