छापेमारी से लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी ट्रेलर से टकराई, चार अन्य गंभीर घायल
धनबाद/हजारीबाग। धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड स्थित जोड़ापीटल के समीप मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में हजारीबाग पुलिस के एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मी राम लखन यादव अपनी टीम के साथ धनबाद के मैथन क्षेत्र में एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने आए थे। कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस टीम सरकारी वाहन से वापस हजारीबाग लौट रही थी।
इसी दौरान जीटी रोड पर जोड़ापीटल के पास नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े एक ट्रेलर से पुलिस वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन की अगली सीट पर बैठे आरक्षी राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में आरक्षी नरेश कुमार, ग्रीन पासवान, पुलिस वाहन का निजी चालक तथा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
बरवाअड्डा थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजन कामेश्वर चौधरी ने बताया कि राम लखन यादव झारखंड पुलिस में कार्यरत थे और छापेमारी कर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायल चारों लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद ट्रेलर चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस कार्रवाई कर रही है।





















Total Users : 1161748
Total views : 2989938