राहुल दुबे गैंग के तीन अपराधी गिरफ्तार
चतरा। चतरा पुलिस ने कोयला क्षेत्रों में लेवी वसूली और फायरिंग की साजिश को विफल करते हुए कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में पिपरवार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (टंडवा) प्रभात रंजन बरबार ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को वरीय अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि टंडवा एवं पिपरवार थाना क्षेत्र में कुख्यात अपराधी राहुल दुबे के निर्देश पर उसके गिरोह के सदस्य कोयला क्षेत्र में लेवी को लेकर फायरिंग कर दहशत फैलाने तथा बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके लिए गिरोह के सदस्य कोयला साइडिंग और माइंस की रेकी कर रहे थे।
सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए एसडीपीओ टंडवा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे राहुल दुबे के निर्देश पर रामगढ़ के बरकाकाना और कुज्जू, हजारीबाग के केरेडारी एवं चरही, चतरा के आम्रपाली, पिपरवार के अशोका माइंस एवं राजधर साइडिंग तथा रांची के खलारी क्षेत्र में रेकी कर फायरिंग और आगजनी की योजना बना रहे थे। इसी योजना के तहत आम्रपाली एवं राजधर साइडिंग में फायरिंग की तैयारी के लिए वे पिपरवार थाना क्षेत्र में एकत्र हुए थे।
इस संबंध में पिपरवार थाना कांड संख्या-30/2026 दिनांक 14 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- संजय मूर्ति, ग्राम लटकुटा बस्ती, थाना गोमिया, जिला बोकारो।
- आलोक कुमार सिंह, थाना माराफारी, बोकारो स्टील सिटी, जिला बोकारो।
- अजय करमाली, ग्राम बुंडू, थाना केरेडारी, जिला हजारीबाग।
बरामद सामान
- एक देशी पिस्टल
- एक देशी कट्टा
- छह जिंदा कारतूस
- तीन मोबाइल फोन
- एक मोटरसाइकिल (संख्या: JH08H-3055)
एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस अभियान में टंडवा थाना, पिपरवार थाना, तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।























Total Users : 1078324
Total views : 2880846